शुक्रवार, 23 अगस्त 2013

साहित्य अकादमी के युवा पुरस्कारों की घोषणा

नई दिल्‍ली। साहित्य अकादमी ने वर्ष 2013 के लिए 23 भाषाओं में युवा पुरस्कारों की घोषणा की, जिसमें 16 कविता संग्रह, एक उपन्यास, पांच कहानी संग्रह और एक साहित्यिक आलोचना की पुस्तक शामिल है।
अकादमी द्वारा यहां जारी विज्ञप्ति के अनुसार अर्चना भैसारे (हिन्दी), रवी कोरडे (मराठी), दिलीप कुमार झा लूटन (मैथिली), हरप्रीत कौर (पंजाबी), कुमार अजय (राजस्थानी), राजकुमार मिश्र (संस्कृत), विजय शंकर बर्मन (असमिया), शुभ्र बंद्योपाध्याय (बांग्ला), धीरज केसर निक्का (डोगरी), अशोक चावड़ा बेदिल (गुजराती), योगिनी बोरकार (कोंकणी), लाक्कुर आनंद (कन्नड़), अखोम यांदिबाला देवी (मणिपुरी), कतिर भारती (तमिल), सबा शाहीन (कश्मीरी) और मंत्री कृष्ण मोहन (तेलुगु) को कविता के लिए पुरस्कृत किया गया।
कहानी संग्रह के लिए जेनिस पेरियाट (अंग्रेजी), पीवी शाजी कुमार (मलयालम), सूरज धड़कन (नेपाली), क्षेत्रबसी नाइक (ओडिया) और लालचंद सारेन (संथाली) का चयन किया गया। साहित्यिक आलोचना के लिए मोइद रशीदी (उर्दू) और उपन्यास के लिए सानसुमै खंग्रि बसुमतारि (बोड़ो) को पुरस्कृत किया गया। इस साल सिंधी के लिए पुरस्कार नहीं दिया गया।
साहित्य अकादमी के अध्यक्ष विश्वनाथ प्रसाद तिवारी की अध्यक्षता में कार्यकारी मंडल की बैठक में इन पुरस्कारों का अनुमोदन किया गया। ये पुरस्कार 1 जनवरी 2013 को 35 वर्ष आयु तक के लेखकों को दिये गये। पुरस्कार स्वरूप ताम्रफलक और पचास हजार रुपये का चेक बाद में आयोजित विशेष समारोह में प्रदान किया जायेगा।
- एजेंसी

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें